दो बेटियों की मां हैं महबूबा मुफ्ती, पति जावेद से हो चुका है तलाक, जानिए उनसे जुड़ी खास बातें

नई दिल्ली। भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटा दिया है, अनुच्छेद के हटने के बाद से जहां भारत में खुशी है वहीं जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम और पीडीपी प्रमुख महबूबा आर्टिकल 370 हटाने का जमकर विरोध कर रही हैं, इस बीच खबर आ रही है कि महबूबा मुफ्ती ने पार्टी के राज्यसभा सांसदों से इस्तीफा देने को कहा है।

महबूबा की बेटी ने जमकर मोदी सरकार पर बोला हमला
यही नहीं महबूबा की बेटी इल्तजा जावेद ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला है और कहा है कि सूबे के सभी नेता हिरासत में हैं और आम लोगों को भी घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है, उन्होंने इसे मास अरेस्ट कहा है। इल्तिजा ने कहा है कि उनकी मां (महबूबा मुफ्ती) को भी हिरासत में लेकर गेस्ट हाउस में रखा गया है। उनको परिवार के लोगों तक से मुलाकात नहीं करने दी जा रही है, फिलहाल इस मुद्दे पर सियासत गर्माई हुई है।
चलिए इसी सियासी गर्मी के बीच विस्तार से जानते हैं जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें......

पिता के निधन के बाद जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री बनी थीं महबूबा
जम्मू-कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती अपने पिता मुफ्ती मोहम्मद के निधन के बाद जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री बनी थीं, महबूबा जम्मू-कश्मीर की 13वीं मुख्यमंत्री थीं, उनकी छोटी बहन चेन्नई में रहती हैं और भाई मुंबई में रहता है, 57 वर्षीय महबूबा का जन्म 22 मई 1959 को नोपाड़ा में हुआ, महबूबा ने यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर से लॉ की डिग्री प्राप्त की। 1996 के चुनाव के ठीक पहले उन्होंने राजनीति में कदम रखा।

सियासत विरासत में मिली
महबूबा मुफ्ती को सियासत विरासत में मिली है, उनके पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद का देश की राजनीति में अहम योगदान रहा और वी पी सिंह की सरकार में मुफ्ती देश के होम मिनिस्टर भी रहे, महबूबा ने पहली बार कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा और पिता और पुत्री ने वर्ष 1999 में मिलकर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी बनाई, 2002 के विधानसभा चुनाव में महबूबा ने ही जमकर कैम्पेन चलाया और पीडीपी को 16 सीटें दिलाईं। कांग्रेस के सपोर्ट से सईद सीएम बने थे, महबूबा ने बतौर सांसद अपना पहला चुनाव वर्ष 2004 में जीता था।

पीडीपी
अपने पिता के साथ राजनीति की शुरूआत तब की थी जब राज्य में आतंकवाद चरम पर था। महबूबा को पीडीपी के विकास व उसे जमीनी स्तर पर लोगों से जोड़ने का श्रेय दिया जाता है। मानना है कि पार्टी को जमीनी स्तर से जोड़ने के काम में वह अपने पिता से भी आगे हैं।

1984 में महबूबा ने की थी शादी लेकिन...
महबूबा ने 1984 में जावेद इक्बाल से शादी की थी और उनसे उनकी दो बेटियां भी हैं, लेकिन ये शादी सफल नहीं हो पाई और महबूबा और जावेद का तलाक हो गया, उनकी दोनों बेटियां महबूबा के साथ रहती हैं. महबूबा की बड़ी बेटी का नाम इर्तिका और छोटी का इल्तिजा है, इर्तिका लंदन में भारतीय हाई कमिश्नर में सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव अफसर हैं उन्होंने इंटरनेशनल रिलेशन्स में मास्टर्स किया, इल्तिजा एक राइटर और एनालिस्ट भी हैं, जबकि छोटी बेटी इल्तिजा अपने मामा तसादुक मुफ्ती के पास मुंबई में रहती हैं, उनके मामा एक सिनेमैटोग्राफर हैं, इल्तिजा फिल्म इंडस्ट्री में राइटर के रूप में अपना करियर बनाना चाहती हैं।