हाल-ए-जम्मू-कश्मीरः कुछ ऐसे होते जा रहे हैं हालात, 10 तस्वीरों में देखिए क्या-क्या बदला
- Get link
- X
- Other Apps

अनुच्छेद 370 खत्म होने के बाद चौथे दिन बाद जम्मू में दुकानें और कई प्रतिष्ठान खुले नजर आए। इससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि यात्री वाहन नहीं चलने से बाजार सूने रहे। इसके साथ ही बाजारों में अनुच्छेद 370 की चर्चा जोरों पर रही। सुरक्षा की दृष्टि से हर जगह जवान तैनात रहे।

जानकारी के अनुसार तीन दिन तक बंद रहने के बाद गुरुवार को अखनूर कस्बे में दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान खुल गए। वहीं, पुलिस ने सुबह लाउड स्पीकर के माध्यम से कस्बे में दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह दस से चार बजे तक खुले रखने की घोषणा की।

इसके बाद किसी प्रकार का विरोध न होने पर इस अवधि को शाम तक बढ़ा दिया। चार दिन के बाद बाजार खुलने से जनजीवन सामान्य हो गया। यात्री वाहनों के न चलने से लोगों की चहलकदमी कम रही, जिस कारण बाजार सूने रहे।

जगह-जगह अनुच्छेद 370 को हटाने को लेकर चर्चा होती रही। लोगों का कहना है कि राज्य में 370 हटाने के बाद अब स्थिति बेहतर हो रही है। प्रशासन को भी अब धारा 144 को हटा देना चाहिए, ताकि लोगों की परेशानियां कम हो सकें।

पाबंदियों से राहत मिलने पर गुरुवार को शहर और आसपास के इलाकों में बाजार पूरी तरह से खुल गए। इससे कई दिन बाद बाजारों में खरीदारों की रौनक लौटी।

एहतियात के तौर पर धारा 144 को लागू रखा गया था, लेकिन बाजारों और चौक चौराहों से कंटीले तार पीछे कर लिए गए थे। इससे वाहनों और राहगीरों की सामान्य तौर पर आवाजाही होती रही। कहीं से कोई अप्रिय घटना न होने से राहत रही।

गुज्जर समुदाय के लोग बड़ी मात्रा में दूध की आपूर्ति लेकर शहर के विभिन्न स्थानों में पहुंचे। बीती रात से ही अधिकांश बाजारों से कंटीले तार पीछे कर लिए गए थे जिससे दूसरे दिन लोगों को आवाजाही में कोई परेशानी नहीं हुई। सुबह 9 बजे से दुकानों के शटर उठना शुरू हुए।

बाजार में अनुच्छेद 370 को हटाने को लेकर ही चर्चा थी। बाजारों में स्थानीय खरीदार अधिक संख्या में पहुंचे, जबकि दूर-दराज क्षेत्रों से लोगों ने आने में अभी परहेज किया।

पुराने शहर में राज तिलक रोड, पक्का डंगा, दीवाना मंदिर, चौक चबूतरा, पंजतीर्थी, जैन बाजार, लिंक रोड, पुरानी मंडी, सिटी चौक, लखदत्ता बाजार के अलावा गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र, तालाब तिल्लो, जानीपुर, न्यू प्लाट आदि क्षेत्र पूरी तरह से खुले रहे।

शहर में सभी सब्जी मंडी सुबह से ही खुल गई थीं। गली मोहल्लों और बाजारों में दुकानदारों ने थोक सामान की जमकर खरीदारी की। कई स्थानों से कंटीले तार पूरी तरह से हटा लिए गए हैं। आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को लेकर भी खरीदारी शुरू हो गई है। हालांकि अभी कई निजी बैंक, निजी संस्थान नहीं खुल पाए हैं।
- Get link
- X
- Other Apps