शिक्षक पिता ने रिश्तों को किया शर्मसार, अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ करता था घिनौना कृत्य
- Get link
- X
- Other Apps
अधेड़ उम्र के शिक्षक को उसकी खुद की नाबालिग पुत्री के देहशोषण के आरोप में गिरफ्तार किया है।
श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में पुलिस ने शिक्षा विभाग के एक अधेड़ उम्र के शिक्षक को उसकी खुद की नाबालिग पुत्री के देहशोषण के आरोप में गिरफ्तार किया है। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली इस घटना के तहत महज छह वर्ष की आयु से ही वह बेटी के साथ यह घिनौना कृत्य करता आ रहा था। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि जैतसर थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में प्रथम श्रेणी के उक्त 45 वर्षीय शिक्षक के खिलाफ उसकी 16 वर्षीय पुत्री ने कल देर रात पोक्सो के तहत मामला दर्ज कराया। तब उक्त शिक्षक को कल रात ही पुलिस ने गिरफ्तार करके उसे आज न्यायालय में पेश किया जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जिले के जैतसर थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में पदस्थापित शिक्षक से जब पुलिस ने पूछताछ की, तो उसने बेहद शर्मिंदगी के साथ अपराध कुबूल किया। इस शिक्षक के घर-परिवार के सदस्य और स्कूल में उसके सहकर्मी इस घटना के उजागर होने से स्तब्ध हैं। पुलिस के अनुसार पीड़ित किशोरी की चिकित्सकीय जांच करवाने के साथ ही काउंसलिंग भी करवाई गई।
मामले का ब्यौरा देते हुए पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपने पिता की घिनौनी मानसिकता की शिकार हुई यह किशोरी 16-17 वर्ष की है और एक निजी विद्यालय में दसवीं में अध्ययनरत है। उसने कुछ दिन पहले अपनी सहपाठी छात्राओं से बातों ही बातों में उसके पिता द्वारा उसके साथ की जा रही गलत हरकतों के बारे में बता दिया। इस पर यह बात एक शिक्षिका ने सुनी तो उसने प्रिंसीपल को बताया। प्रिंसीपल और उक्त शिक्षिका ने किशोरी को विश्वास में लेकर उससे जब सारी बात पूछी तो किशोरी ने उनको भी पिता की हरकतों के बारे में बता दिया। तब गोपनीय तरीके से यह बात पुलिस को बताई गई। पुलिस की महिला अधिकारियों ने किशोरी से पूछताछ की तो किशोरी ने बताया कि उसका पिता तब से उसका शोषण कर रहा है जब वह छह सात वर्ष की थी।
प्लीज सब्सक्राइब यूट्यूब चैनल
पुलिस के अनुसार पीड़ित किशोरी तीन चार वर्ष से डायरी लिख रही है जिसमें उसने पिता की सारी करतूतों को लिपिबद्ध किया है। यह डायरी भी पुलिस ने बरामद कर ली है। बयान में किशोरी ने बताया कि जब उसकी मां घर नहीं होती उसी समय उसका पिता उसका शोषण करता था। पुलिस उसकी मां से भी पूछताछ करेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
- Get link
- X
- Other Apps