छेड़खानी की शिकायत करने गई थी युवती, पुलिसवाले ने कहा- कपड़े देखकर पता चलता है तुम कौन हो?


उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों को लेकर पुलिस कितनी सजग है, इसकी बुधवार को पोल खुल गई. दरअसल, कानपुर में छेड़छाड़ से परेशान होकर एक युवती थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवानी चाही, लेकिन वहां पर भी वह अभद्रता का शिकार हो गई. यहां पर उसके साथ बदसलूकी करने वाला कोई और नहीं थाने में ही मौजूद एक पुलिसकर्मी निकला.



युवती के हाथ में अंगूठियां और कड़े देखकर शर्मनाक ढंग से कहा कि हाथ में पांच-पांच अंगूठी और कड़ा पहनती हो, इसी से पता चलता है कि तुम क्या हो. पुलिसकर्मी की पहचान थाने में तैनात दीवान के तौर पर हुई है जिसका नाम तारबाबू है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद तारबाबू को लाइन हाजिर कर दिया गया है. वहीं, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने मामले का वीडियो ट्वीट किया है.



मां के साथ गई थी युवती


युवती शिकायत करने के लिए अपनी मां के साथ थाने में पहुंची थी. जब तारबाबू ने यह बात बोली तो उसकी मां ने उसे टोका और कहा कि गहने तो सभी पहनते हैं. इस बात पर वह भड़क गया और युवती के शिकायत पत्र को फाड़ दिया और अपने हिसाब से जबरन दूसरी शिकायत लिखवाई. युवती ने थाने में बताया कि उसी के क्षेत्र में रहने वाले आशिक अमर और विक्की ने उसके साथ छेड़खानी की. जब उसने और उसके भाई ने विरोध किया तो तीनों ने उनके साथ मारपीट की. लेकिन तारबाबू ने इस बात को नहीं सुना और उसका शिकायत पत्र फाड़ दिया.



नहीं करवाई महिला पुलिसकर्मी से बात


कानून के अनुसार युवती की शिकायत एक महिला पुलिसकर्मी को दर्ज करनी चाहिए थी. लेकिन थाने में ऐसा नहीं हुआ. दीवान तारबाबू खुद ही युवती से अभद्रता करता रहा. इस दौरान थाने में किसी ने उसे नहीं रोका.


छेड़खानी की रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की के साथ थाने में इस तरह का व्यवहार हो रहा है।

एक तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे, दूसरी तरफ कानून के रखवालों का ये बर्ताव।

महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है उनकी बात सुनना।

Video credits @benarasiyaa

8,106 people are talking about this



प्रियंका ने कहा- न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है बात सुनना


इस पूरे घटनाक्रम का वी‌डियो कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया. उन्होंने लिखा कि थाने में छेड़खानी की रिपोर्ट करने गई युवती के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है. एक तरफ तो यूपी में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहा है वहीं कानून के रखवाले ऐसा व्यवहार कर रहे हैं. उन्होंने लिखा- महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है उनकी बात को सुनना.
loading...